कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर से अतिक्रमण हुइ मुक्त, तीन वर्षों से बनी थी जल जमाव की समस्या, श्रद्धालुओं को राहत।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
प्रसिद्ध कुशेश्वरस्थान मंदिर परिसर में पिछले तीन वर्षों से बनी जल जमाव की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। एसडीओ उमेश कुमार भारती के नेतृत्व में दंडाधिकारी के रूप में गोपाल पासवान सीओ, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं अशोक कुमार जिज्ञांसु बीडीओ कुशेश्वरस्थान पुर्वी, राकेश कुमार सिंह थानाध्यक्ष की एक संयुक्त टीम ने मंदिर परिसर में किए गए अवैध अतिक्रमण को सफलतापूर्वक हटा दिया है। इस कार्रवाई से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अब जल जमाव की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के पास बने नाले पर धौलिया निवासी ऋषि झा और रंजीत झा द्वारा गुमटी रखकर अतिक्रमण किया गया था। इस अतिक्रमण के कारण नाले का स्वाभाविक प्रवाह बाधित हो रहा था, जिसके चलते पिछले तीन वर्षों से मंदिर परिसर में बरसात के मौसम में और अन्य समय में भी जल जमाव की समस्या बनी रहती थी। इस जल जमाव के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश करने और पूजा-अर्चना करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति द्वारा कई बार इस समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाया गया था। बताया जाता है कि अतिक्रमण करने वाले उक्त दोनों व्यक्तियों द्वारा इस गुमटी को किराए पर दिया जाता था और उनसे नियमित रूप से भाड़ा वसूला जाता था। यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही थी और मंदिर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा में बाधा उत्पन्न कर रही थी।

एसडीओ उमेश कुमार भारती के द्वारा ऋषि झा और रंजीत झा को गुमटी हटाने का आदेश दिया गया, बावजूद दोनों व्यक्ति ने प्रशासन के आदेश को अनदेखी करते रहे। उसके बाद एसडीओ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को मंदिर परिसर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से नाले पर बनी गुमटी को पूरी तरह से हटा दिया।

अतिक्रमण हटाए जाने के बाद मंदिर परिसर और उसके आसपास के इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने प्रशासन की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब मंदिर परिसर में जल जमाव की समस्या स्थायी रूप से समाप्त हो जाएगी और श्रद्धालु बिना किसी बाधा के आसानी से दर्शन कर सकेंगे।

एसडीओ उमेश कुमार भारती ने बताया कि मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे मंदिर की पवित्रता और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

