कैमूर के पंचायत सचिव एक दिवसीय धरने पर बैठे हैं। उन्होंने सरकार को 15 अप्रैल तक का समय दिया है। मांगें नहीं मानी गईं तो 16 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। पंचायत सचिवों की प्रमुख मांगों में गृह जिला में पदस्थापना, ग्रेड पे 2000 से बढ़ाकर 2800 करना और 2000 रुपये यात्रा भत्ता शामिल है। साथ ही वे ठेकेदारी कार्य से मुक्ति चाहते हैं।
16 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की दी चेतावनी
पंचायत सचिव रतन कुमार ने बताया कि वे स्थानांतरण और पदस्थापना नियमावली बनाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे सरकार के 29 विभागों की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करते हैं। पंचायत सचिव सुमन सौरभ ने बताया कि वे अपने गृह जिले से 400-500 किलोमीटर दूर तैनात हैं।
त्योहारों पर भी घर नहीं जा पाते क्योंकि जिला प्रशासन उन्हें दंडाधिकारी नियुक्त कर देता है। उनकी अन्य मांगों में पंचायत सरकार भवन में आवास और सुरक्षा की व्यवस्था भी शामिल है।
कम वेतन और दूर की तैनाती से परेशान पंचायत सचिवों का कहना है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने को मजबूर होंगे।
