करनाल जिले के जटपुरा के पास नहर में एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक की पहचान 30 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है, जो शामगढ़ का रहने वाला था। वह गुरुग्राम की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर आया था। वहीं पुलिस और गोताखोरों की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है।
कूदने के कारण का नहीं खुलासा
परिजनों के मुताबिक 23 मार्च की शाम को अचानक विशाल ने नहर में छलांग लगा दी थी और किसी प्रवासी ने उसे नहर में छलांग लगाते हुए देखा था। जिसके बाद घर तक जानकारी पहुंची। विशाल ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। आज शाम तक भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चलाए हुए है।
गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
सरकारी गोताखोर कर्ण के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। गोताखोर कर्ण ने बताया कि 23 मार्च की शाम को विशाल जटपुरा के पास नहर में छलांग लगा गया था।
दो किलोमीटर का एरिया खंगाला जा चुका
उसने अपनी बाइक और हेलमेट के साथ-साथ मोबाइल भी किनारे पर रख दिया था। इसी मोबाइल से लोगों ने विशाल के परिजनों से संपर्क किया। आज सुबह से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पानी का बहाव तेज होने के कारण दिक्कत आ रही है, लेकिन पूरी कोशिश की जा रही है कि युवक को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाए। करीब दो किलोमीटर का एरिया खंगाला जा चुका है। विशाल शादीशुदा था। जिसकी करीब दो साल पहले शादी हुई थी।
परिजनों का रो-रोकर बुराहाल, मौके पर जमा भीड़
घटना के बाद विशाल के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे लगातार गोताखोरों से युवक को जल्द से जल्द खोजने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं, नहर के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जो सर्च ऑपरेशन को देख रहे थे।
