किशनगंज के गुलगुला चौक पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। शराब जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सदर थाना पुलिस को यह सफलता मिली है।
पुलिस को देख भागे, दोनों गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल की तरफ से बाइक पर आए दो लोग पुलिस को देखकर भाग निकले। पुलिस अधिकारी आनंद मोहन के नेतृत्व में टीम ने उनका पीछा किया। इस दौरान सशस्त्र बल की मदद से मक्का के खेत से दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर के पटुआ बनबाड़ी निवासी जाहिद आलम (29) और तौहीद आलम (32) के रूप में हुई है।
50 हजार से अधिक का स्मैक जब्त
पुलिस की पूछताछ में जाहिद ने स्मैक रखने की बात स्वीकार की। तौहीद ने बताया कि वह 2000 रुपए के बदले स्मैक की डिलीवरी में मदद कर रहा था। पकड़े गए स्मैक की बाजार में कीमत 50 हजार से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा-50 के तहत दोनों को नोटिस दिया। आरोपियों की तलाशी के लिए सोनारपट्टी से एक सोनार को बुलाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
