न्यायपालिका में एक महत्वपूर्ण बढ़े कदम- बिरौल व्यवहार न्यायालय में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय का हुआ शुभारंभ।
माननीय प्रभारी मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह में लिया भाग।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
बिरौल व्यवहार न्यायालय में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बिरौल के न्यायालय का उद्घाटन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर, माननीय प्रभारी मुख्य न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह में भाग लिया, जबकि पटना उच्च न्यायालय के न्यायधीश सह दरभंगा जिला के निरीक्षी न्यायाधीश अंजनी कुमार शरण, जिला सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी, बिहार सरकार के सचिव विधि अंजनी कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके न्यायालय का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में दरभंगा जिला के निरीक्षी न्यायधीश अंजनी कुमार शरण ने कहा कि इस नए न्यायालय के खुलने से, बिरौल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को न्याय प्राप्त करने में सुविधा होगी।
यह न्यायालय जिला स्तर के मामलों की सुनवाई करेगा, जिससे स्थानीय लोगों को अपने मामलों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। अपने संबोधन में, न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और इस नए न्यायालय के खुलने से स्थानीय लोगों को मिलने वाले लाभों के बारे में बात की। निरीक्षी न्यायाधीश अंजनी कुमार शरण ने अपने संबोधन में, न्यायपालिका की निष्पक्षता और त्वरित न्याय प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे पूर्व जिला सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी, विधि सचिव अंजनी कुमार सिंह ने अपने बातों को रखा। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बच्चे लाल झा, सचिव राजकपूर पांडेय ने पटना उच्च न्यायालय के प्रभारी मुख्य न्यायाधीश, जिला सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी ,एसडीएम उमेश कुमार भारती को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन लोगों के अथक प्रयास से आज बिरौल व्यवहार न्यायालय में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बिरौल के न्यायालय का उद्घाटन संभव हो सका है। इस उद्घाटन समारोह में, दरभंगा जिला के सभी न्यायिक अधिकारी, ग्रामीण एस पी आलोक, एसडीएम उमेश कुमार भारती, बेनीपुर एसडीपीओ आशुतोष कुमार,बीडीओ प्रदीप कुमार झा, सीओ आदित्य शंकर अलावा स्थानीय वकील और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
