रोहतास के शिवसागर थाना क्षेत्र में NH-2 पर स्थित टॉल गेट पर कार सवारों और टाल कर्मियों के बीच मारपीट हो गई। औरंगाबाद का एक परिवार कुंभ से लौट रहा था। इस क्रम में टाल पर कार का फास्ट टैग काम नहीं कर रहा था, जिससे पेमेंट में देरी होने लगी। टाल कर्मियों ने जल्दी से पेमेंट कर गाड़ी बढ़ाने को कहा।
इसी को लेकर कर्मी और चालक के बीच विवाद हो गया, जो थोड़ी ही देर बाद मारपीट में बदल गया। मारपीट में कार सवार महिलाओं को भी चोट आई है। सूचना पर पहुंची शिवसागर थाना की पुलिस ने मामले को सुलझाया फिर यातायात सामान्य हुआ। एसडीपीओ वन दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कर्मियों को यातायात सुचारू कराने का निर्देश दिया।
दोनों पक्षों के लोगों को लगी चोट
मौके पर पहुंचे करगहर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि कुंभ मेले को लेकर टाल पर यात्री वाहनों का दबाब है। इसी में औरंगाबाद के कार से पेमेंट में देरी होने लगा, जिसमें मारपीट हो गई। टाल कर्मियों का कहना था कि फास्ट टैग रिचार्ज नहीं था, इसलिए पेमेंट नहीं हो रहा था। जबकि पीड़ित परिवार का कहना है कि वो पेमेंट करने को तैयार थे, लेकिन टाल कर्मी मारपीट करने लगे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों को चोट लगी है। चार लोगों को अस्पताल भेजा गया है। यात्रियों से ओवदन लिया जा रहा है। आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
