नालंदा सदर अस्पताल बिहार शरीफ में रविवार की सुबह इमरजेंसी वार्ड के ठीक सामने एक दो दिन की नवजात बच्ची को दूध की बोतल के साथ छोड़ दिया गया। अपने बच्चे का इलाज कराने पहुंचे शख्स शिबू यादव ने गार्ड को इसकी जानकारी दी।

SNCU में एडमिट, हालत स्थिर

प्रत्यक्षदर्शी शिबू यादव ने बताया, “इमरजेंसी वार्ड के सामने से गुजरते समय एक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब हम पास गए तो देखा कि एक छोटी बच्ची कपड़े में लिपटी हुई पड़ी है।अस्पताल के SNCU में कार्यरत डॉ. पंकज कुमार ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नालंदा को सूचित किया। हेल्पलाइन के अधिकारी रंजन कुमार पाठक के हस्तक्षेप के बाद बच्ची को SNCU में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

सदर अस्पताल के अकाउंटेंट सुरजीत कुमार ने इस संबंध में बताया कि हम CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। यदि बच्ची के माता-पिता सामने नहीं आते हैं, तो उसे बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया जाएगा।