शराब के ठेके पर मिले व्यक्ति से की दोस्ती, कार- लैपटॉप और नकदी बरामद

पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपी।
करनाल सीआईए टीम ने नाकाबंदी के दौरान बलड़ी बाईपास से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने शराब के ठेके पर एक व्यक्ति से दोस्ती कर उसका लैपटॉप व तीन हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई कार, लैपटॉप, जमीनी कागजात व 3 हजार नकद बरामद किए हैं।

एक आरोपी करनाल जिला के पुंडरक गांव का रहने वाला है, जिसका नाम संदीप सिंह और दूसरा आरोपी करनाल के विकास नगर का है, जिसका नाम हरप्रीत है सिंह है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने जल्दी पैसे कमाने के लालच में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल में भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?

बीती 3 फरवरी की रात को यूपी के जिला शामली निवासी अमृत राज तोमर का लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। अमृत राज तोमर ने बताया था कि शराब के ठेके पर तीन युवक उससे मिले और बातचीत कर दोस्ती बढ़ाने लगे। उन्होंने साथ में बैठकर ड्रिंक करने का प्रस्ताव दिया और जबरदस्ती उसके साथ शराब पी।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस की फाइल फोटो।

सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करती पुलिस की फाइल फोटो।
इस दौरान उनकी नजरें कार में रखे सामान पर थीं। जैसे ही मौका मिला, वे चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, दो प्लॉट की रजिस्ट्री, गाड़ी की असली आरसी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऑफिस के कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और करीब 10 हजार रुपए नकद शामिल थे।

वेगनआर कार से भागे, ठेके के वर्कर ने बताया सच

चोरी के बाद जब अमृत राज को अपनी गाड़ी में रखा सामान गायब मिला, तो उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। ठेके पर काम करने वाले वर्कर ने बताया कि जिन तीन युवकों ने उनके साथ शराब पी थी, वे एक वेगनआर कार में सवार होकर भाग गए। अमृत राज तोमर ने इस घटना की सूचना सदर थाना करनाल पुलिस को दी थी।

पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिसके बाद पुलिस ने आज दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिए। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।