जमुई के झाझा थाना क्षेत्र के दरियों गांव में सरस्वती पूजा देखने गए एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना मुसहरी टोला में हुई, जहां विनोद मांझी समेत 5-6 लोगों ने लाठी-डंडों से युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे वह बेहोश हो गया। युवक की पहचान अनुराज कुमार (21) के रूप में हुई है।

गंभीर हालत में पहले युवक को झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जमुई रेफर कर दिया। पीड़ित की मां गुड़िया देवी का कहना है कि हमलावर स्थानीय लोग हैं, लेकिन वे उन्हें पहचानती नहीं हैं। युवक के चाचा ने विनोद मांझी और उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है।

परिजनों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया हमला है। फिलहाल इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने कहा कि पहले युवक के इलाज के बाद वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।