जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर रविवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए। धधौर गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक और जुगाड़ गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घायल युवकों की पहचान सिकंदरा प्रखंड के रवैय गांव निवासी हीरालाल महतो के बेटे राकेश कुमार (21) और रवि महतो के बेटा सुदेश कुमार के रूप में हुई है।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां राकेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। राकेश ने बताया कि वह सुदेश के साथ बाइक पर जमुई जा रहा था। धधौर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जुगाड़ गाड़ी भी पलट गई। हालांकि उसका चालक बाल-बाल बच गया।
सड़क दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
