खगड़िया-समस्तीपुर रेलखंड से भाया सलौना हसनपुर होकर पाटलिपुत्र तक ट्रेन चलाने का मामला समस्तीपुर की संसदीय समिति की बैठक में उठाया गया है. साथ ही, इस रेलखंड पर पैसेंजर ट्रेनों की संख्या को बढ़ाने और सलौना स्टेशन पर रैंक प्वाइंट बनाने का भी प्रस्ताव दिया गया है.

 

समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर राजधानी पटना के लिए एक नई ट्रेन चलाए जाने संबंधी सांसद गिरिराज सिंह के प्रस्ताव पर डीआरएम ने बताया कि इस सुझाव से रेलवे बोर्ड को अवगत करा दिया गया है.  समस्तीपुर में रेलवे की मंडल स्तरीय संसदीय समिति की बैठक में बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सह प्रतिनिधि राजीव वर्मा ने भाग लेकर सलौना, गढ़पुरा, सोनमा प्राणपुर स्टेशनों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा.

रेलवे ने बताया कि इस खंड पर पैसेंजर गाड़ियों की संख्या बढ़ाने तथा जानकी एक्सप्रेस में एसी चेयरकार की बोगी जोड़ने का भी सुझाव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है. सवाल के जवाब में बताया गया है सलौना में रैक प्वाइंट निर्माण के लिए सर्वे कराने के पश्चात कार्य प्रस्तावित किया जाएगा. जबकि, पठानटोली ढाला से सलौना ढाला तक सड़क निर्माण में मध्य के एक समपार पथ को बंद करने पर सहमति बनती है तो कार्य प्रस्तावित किया जा सकता है. इधर, विभाग के जवाब से स्थानीय कई राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है.

 

 

रेलयात्री संघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने सलौना और गढ़पुरा स्टेशन से संबंधित दस महत्वपूर्ण समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा था. इसमें खगड़िया-समस्तीपुर खंड पर भाया सलौना, हसनपुर होकर पाटलिपुत्र के लिए गाड़ी चलाने, समस्तीपुर-सहरसा खंड पर पैसेंजर गाड़ियों की संख्या बढ़ाने, जानकी एक्सप्रेस में एसी चेयर कार की बोगी जोड़ने, सलौना में आरक्षण काउंटर 12 घंटे खोले जाने की व्यवस्था करने, सलौना में रैक प्वाइंट के लिए प्लेटफॉर्म नंबर तीन का निर्माण, सलौना में जीआरपी पुलिस थाना की स्थापना, पठानटोली रेलवे ढाला से सलौना ढाला तक सड़क का निर्माण कर इसे गोढ़ियारी फाटक से मिलाये जाने, सोनमा प्राणपुर रेलवे हॉल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा दिए जाने, श्रीकृष्ण सिंह गढ़पुरा स्टेशन के पहुंच पथ की मरम्मत करने तथा श्रीकृष्ण सिंह गढ़पुरा में जानकी एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित किये जाने की मांग सांसद के समक्ष रखी है.