हरियाणा में करनाल के घरौंडा में 26 वर्षीय युवक ने संदिग्ध हालातों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक परिजनों ने ससुराल पक्ष पर युवकों मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवक तीन बहनों का इकलौता भाई था। वहीं सुसाइड की सूचना के बाद पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर-14 निवासी हरीश के रूप में हुई है। हरीश की 11 महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के एक महीने बाद ही ससुराल पक्ष ने युवक को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। जिसके चलते युवक ने आत्महत्या का कदम उठाया।
हरीश का फाइल फोटो
सूचना के बाद मृतक के घर पर पहुंचे लोग।
कुरुक्षेत्र में हुई थी शादी
मृतक के पिता साहब सिंह ने बताया कि 11 महीने पहले इकलौते बेटे की शादी कुरुक्षेत्र में हुई थी। ससुराल वालों ने हरीश को मेंटली डिस्टर्ब कर रखा था। पुत्रवधु प्रीति भी बात बात पर ताने देती थी। किसी न किसी बात को लेकर कलह होता रहा था। इतना ही नहीं करवा चौथ वाले दिन भी बहू ने कलेश किया। 27 जनवरी को बहू की मौसी का कॉल आया था उसने जन्मदिन पर प्रीति को बुलाया था। जिसको लेकर भी विवाद हुआ था। हरीश को भी नाखून मारे थे।
इसके बाद सवेरे वह अपने मायके गई और अपने मायके वालों को लेकर यहां आई। जिसके बाद भी घर में पूरा कलेश हुआ। वे बहू को छोड़कर चले गए थे। साहब सिंह ने बताया कि मैं रात को करीब साढ़े नौ बजे बीकानेर के लिए निकल गया था। मैं बीकानेर पहुंचा ही था कि मेरे पास मेरी बेटी का कॉल आया कि भाई ने सुसाइड कर लिया है। जिसके बाद मैं वहां से वापिस आया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि मेरे पास तीन बेटियां है और एक बेटा था। तीनों बहनों के सिर से भाई का साया उठ चुका है और हमारे बुढ़ापे का सहारा हमसे छिन गया है।
हरीश की मौत के बाद विलाप करती महिलांए।
पुलिस जुटी जांच में
घरौंडा थाना के जांच अधिकारी जयभगवान ने बताया कि मृतक के चाचा सुरेश कुमार ने पुलिस थाने में आकर हरीश द्वारा सुसाइड किए जाने की जानकारी दी थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे, जहां पर देखा कि पहले ही डेड बॉडी को फंदे से नीचे उतारा हुआ था। जिस चुन्नी से फांसी ली गई है, उस चुन्नी को भी काटा गया है।
एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया था। एफएसएल की टीम ने चुन्नी व चाकू को कब्जे में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। सुसाइड का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
