किऊल जंक्शन पर मंगलवार को मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए प्रयागराज कुंभ मेले के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को विशेष व्यवस्था करनी पड़ी। जहां भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ की टीम तैनात थी।

यात्रियों की भिड़ को लेकर सभी कोच फूल

आरपीएफ इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 15658 (ब्रह्मपुत्र मेल) और 12335 (भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस) में यात्रियों की भारी भीड़ के कारण सभी कोच पूरी तरह भर गए। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ टीम लगातार उद्घोषणा कर रही है और श्रद्धालुओं से अनुरोध कर रही है कि भरे हुए कोच में जबरन प्रवेश न करें।

 

 

स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक ट्रेन के कोच में न केवल बैठने की जगह नहीं बची है, बल्कि खड़े होने की भी जगह नहीं है। आरपीएफ यात्रियों को बाद की ट्रेनों का इंतजार करने की सलाह दे रही है।

यात्रियों की प्रतिक्रिया मिली-जुली है। जहां कुंभ मेले के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं भीड़ के कारण कई यात्री असुविधा महसूस कर रहे हैं। हालांकि, आरपीएफ की सक्रियता से स्टेशन पर व्यवस्था बनी हुई है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।