पंजाब और राजस्थान की पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ जवान जनमजय कुमार (डब्लू मिश्रा) का गणतंत्र दिवस की सुबह 10 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिजनों ने बताया कि जनमजय पिछले 15 वर्षों से बीएसएफ में देश की सेवा कर रहे थे। 15 दिन पहले ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई। अस्पताल में भर्ती कराने और डॉक्टरों के सभी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

बता दें कि जमुई के झाझा प्रखंड स्थित धमना गांव में उनके निधन की खबर से शोक की लहर फैल गई है। मात्र 9 साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 8 वर्षीय बेटी राधिका और 6 वर्षीय बेटा प्रेम हैं। दुखद यह है कि अभी तक उनकी पत्नी और बच्चों को उनकी मृत्यु की सूचना नहीं दी गई है।

 

जवान की 9 साल पहले शादी हुई थी।
जवान का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव धमना पहुंचेगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के सदस्य पार्थिव शरीर को लाने के लिए रवाना हो चुके हैं। गांववासियों ने जहां शोक व्यक्त किया, वहीं उनके बलिदान पर गर्व भी जताया। उनका कहना है कि जवान मिश्रा ने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया, जो सभी के लिए सम्मान की बात है।