भागलपुर में सामान्य काम के बदले समान वेतन की मांग को लेकर बिहार रक्षा वाहिनी स्वंय सेवक संघ के बैनर तले होमगार्ड के जवानों ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
बिहार रक्षा वाहिनी स्वंय सेवक संघ के उपाध्यक्ष पवन कुमार यादव ने कहा कि 2016 में सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद भी हम लोगों को अब तक समान काम के बदले समान वेतन नहीं मिल रहा है। सरकार की उदासीन रवैया के कारण हम लोगों के सामने भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो रही है। यदि हम लोगों की मांग को जल्द से जल्द सरकार पूरी नहीं करती तो हम लोग चक्का जाम करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।
रैली में शामिल होम गार्ड के जवान।
कोर्ट के आदेश को लागू नहीं किया गया
होम गार्ड के जिलाध्यक्ष ने बताया कि हमारी मांग है कि सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय से हमारा समान काम का समान वेतन का आदेश 2016 में लागू हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज तक लागू नहीं किया और हमारे जवान जो पूरे बिहार में दैनिक भत्ता भोगी पर रखे हुए हैं। जिनको 774 रुपए हर दिन मिलता है। हम लोगों का बस इतनी ही मांग है कि आदेश लागू किया जाए। नियम में संशोधन करके और निजीकरण किया जाए।
बिहार के गृह रक्षकों को नियमित करे और सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय का जो आदेश हुआ है उसको लागू करे। मांगें अगर पूरी नहीं होती है तो हम लोग विधानसभा का घेराव करेंगे।
