नालंदा में शुक्रवार की शाम से लापता बुजुर्ग का शव शनिवार की सुबह पानी भरे पोखर से बरामद हुआ है। मामला सारे थाना क्षेत्र के ओन्दा गांव का है। मृतक की पहचान ओन्दा गांव निवासी 92 वर्षीय राजेन्द्र ढाढ़ी के रूप में हुई है।
परिजन ने बताया कि बुजुर्ग शौच के लिए ओन्दा गांव स्थित पंचायत सरकार भवन की उत्तर दिशा में पोखर के पास शौच करने गए थे। समय बीत जाने के बाद भी वह घर नहीं लौटे, खोजबीन के बाद अंधेरा होने की वजह से उनका कहीं अता पता नहीं चल सका। शनिवार की सुबह फिर खोजबीन शुरू की गई तब जाकर पोखर में उनका शव उपलाया हुआ मिला।
पोखर में डूबकर हुई मौत।
परिजन आशंका व्यक्त कर रहे कि शौच के बाद पानी छूने में फिसल गए और पोखर में ज्यादा गहराई में जाने से डूबकर उनकी मौत हो गई। शव मिलने की सूचना जैसे ही घर वालों को मिली, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सारे थाना अध्यक्ष धर्मेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग बीती शाम से लापता थे। परिजन डूबकर मौत की आशंका व्यक्त कर रहें हैं।
