राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पहुँचे बिरौल, मुकेश सहनी से मुलाकात कर पिता की मौत पर जताया दुख,स्व.जीतन सहनी के चित्र पर किया पुष्प अर्पित, कहा यह एक दुखद घटना है।
उत्तम सेनगुप्ता/दरभंगा
वीआईपी के संस्थापक व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी के श्राद्ध कर्म के बाद शनिवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव युवा क्रांति रथ पर सवार होकर नगर पंचायत बिरौल के अफजला स्थित मुकेश सहनी के घर पहुंचे। जहां पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने लालू यादव का हाथ पकड़ कर घर के अंदर बैठाये। इस दौरान लालू यादव ने वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या पर दुख प्रकट करते हुए मुकेश सहनी और उनके छोटे भाई संतोष सहनी को सांत्वना दी। इस क्रम में राजद सुप्रीमो लालू यादव ने दरवाजे पर रखे गए स्व.जीतन सहनी के चित्र पर पुष्प देकर श्रद्धांजलि अर्पित किया।
उसके बाद पिता जी के निर्मम हत्या की पुरी जानकारी मुकेश सहनी ने लालू यादव को दिया। इस दौरान राजद सुप्रीमो लालू यादव ने हत्याकांड पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह दुखद घटना है। मौके पर अब्दुल बारी सिद्दीकी, समीर महासेठ, श्याम रजक,ललित यादव सहित कई राजद के कार्यकर्ता मौजूद थे। राजद सुप्रीमो लालू यादव के बिरौल आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा इंतजाम किया गया था। एसडीएम उमेश कुमार भारती, एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी लालू यादव के आगमन से लेकर प्रस्थान होने तक सुरक्षा व्यवस्था का लगातार मोनीटरिंग करते देखे गए। मालूम हो कि वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी एवं वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के छोटे भाई संतोष सहनी के पिता जीतन सहनी की निर्मम हत्या 15-16जुलाई की रात कुछ लोगों ने कर दी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद केंद्र एवं राज्य स्तरीय मंत्री से लेकर सांसद, विधायक के अलावा वीआईपी के वरिष्ठ अधिकारी व कार्यकर्ताओं का मुकेश सहनी से मिलने का सिलसिला आज तक जारी रहा।
