जिला समन्वय समिति की हुई बैठक,विकासात्मक कार्यों में तेजी लाने के लिये विभिन्न विभाग से आयें अधिकारियों को दिये कई निर्देश।

दरभंगा /

समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा राजीव रौशन के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी के प्रतिनिधि के द्वारा बताया गया कि चिन्हित विद्यालयों में आँगनवाड़ी केन्द्र भवन निर्माण हेतु चिन्हित जमीन का बाल विकास परियोजना पदाधिकारी,कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के संयुक्त जाँच प्रतिवेदन से कुछ विद्यालयों का अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है,और कुछ लम्बित है। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि चिन्हित जमीन के लिए संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी,कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा,अंचलाधिकारी स्थल निरीक्षण कर संयुक्त हस्ताक्षर से प्रतिवेदन जल्द से जल्द उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। बैठक में परियोजना अभियंता पुल निर्माण निगम द्वारा बताया गया कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्रा अंतर्गत बागमती नदी पर क्षतिग्रस्त महाराजी पुल के स्थान पर नए उच्च स्तरीय आरसीसी पुल निर्माण कार्य प्रगति में है। उन्होंने कहा कि दरभंगा-मोहम्मदपुर रेलवे स्टेशन के बीच एकभिंडा-दिल्ली मोड़ पर स्थित एलसी नम्बर-2 एस.पी.एल के बदले सड़क ऊपरी पुल निर्माण कार्य प्रस्तावित स्थल पर अतिक्रमण रहने के कारण कार्य बाधित हैं। उप विकास आयुक्त ने अंचलाधिकारी को अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि दरभंगा जिला के विभिन्न प्रखंड अंतर्गत एवं पंचायतों में अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई निर्माण कार्य हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र अप्राप्त रहने के कारण कार्य बाधित है। उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारी को जमीन विवादित न हो,जमीन नदी के किनारे नहीं होना चाहिए,पहुंच पथ होना चाहिए को चिंहित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप विकास आयुक्त ने जिला परिषद दरभंगा के जमीन का जमाबंदी खोलने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया।

डीपीएम जीविका द्वारा बताया गया कि जिले के सभी प्रखंड में ग्राम संगठन के भवन निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि दरभंगा सदर,सिंहवाड़ा,गौड़ाबौराम,मनीगाछी एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल से अनापत्ति प्रमाण पत्र अप्राप्त है। उप विकास आयुक्त ने सभी अंचलाधिकारी को जल्द से जल्द अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि सभी विभागों के प्रतिवेदन एक दिन पूर्व उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन,डीसीएलआर बिरौल,बेनीपुर,प्रशिक्षु जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी संजय कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।