नियोजन सेवा के तहत अभ्यर्थियों को मिलेगा टूल एवं स्टडी किट

प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी व स्वरोजगार में मिलेगी मदद

दरभंगा, 19 जुलाई 2024 (जन-सम्पर्क शाखा) :-

सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा नीतीश कुमार सिन्हा द्वारा बताया गया कि श्रम संसाधन विभाग, बिहार द्वारा *नियोजन सेवा का विस्तार योजनान्तर्गत* योग्य अभ्यर्थियो को *टूल-किट* एवं *स्टडी-किट* प्रदान किया जाना है।
उन्होंने कहा कि *टूल-किट* योजना के तहत व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त बेरोजगार अभ्यर्थियों को स्वरोजगार करने के लिए संबंधित ट्रेड में अधिकतम 15,000/- रुपये तक का *टूल-किट* प्रदान किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि वहीं सावर्जनिक क्षेत्र में प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को 2,500/- से 5,000/- रुपये तक का *स्टडी-किट* मुहैय्या कराया जायेगा।
उन्होंने बताया कि टूल किट योजना अन्तर्गत इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रोनिक्स, मोबाईल रिपेयर, फिटर, ब्यूटीशियन, पलम्बर आदि ट्रेड में, तीन महीने से अधिक का व्यावसायिक प्रशिक्षण सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से प्राप्त ट्रांसजेन्डर, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लाभुक, जिनकी उम्र 18-35 वर्ष तथा परिवार की वार्षिक आय 1,80,000 (एक लाख अस्सी हजार) से कम हो, को इसका लाभ मिलेगा।
इसी तरह से स्टडी किट योजना अन्तर्गत दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लाभुक जिनके परिवार की वार्षिक आय 1,80,000 (एक लाख अस्सी हजार) से कम हो, नियोजनालय अथवा एन.सी.एस पोर्टल पर जिनका निबंधन न्यूनतम छः माह से अधिक हो, 18-40 वर्ष आयुवर्ग के अभ्यर्थी, जो यू.पी.एस.सी., बी.पी.एस.सी., एस.एस.सी., रेलवें, बैंकिंग इत्यादि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे है, उन्हें संबंधित परीक्षा की तैयारी के लिए स्टडी किट मुहैय्या कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक/इंटरमिडिएट/स्नातक/स्नातकोत्तर/डिप्लोमा आदि है, साथ ही आवेदक का किसी सरकारी सेवा के रिक्ति में आवेदक होना आवश्यक है
उन्होंने बताया कि सभी पात्रता धारक आवेदकों का चयन *पहले आओ पहले पाओं* के आधार पर किया जायेगा तथा आवेदकों का चयन विभागीय निदेशानुसार उप निदेशक, (नियोजन) की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित प्रमाण-पत्र की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ अपना आवेदन अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा में 31 अगस्त तक जमा कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया निःशुल्क है।