जगदीशपुर पंचायत के सुमित कुमार ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
मनीगाछी संवाददाता /दरभंगा :
प्रखंड क्षेत्र के जगदीशपुर पंचायत निवासी हरि नारायण ठाकुर के पुत्र सुमित कुमार ठाकुर ने जिलाधिकारी से पंचायत के मुखिया द्वारा रिश्वत नहीं देने पर विश्वकर्मा योजना के आवेदन का वेरीफिकेशन नहीं करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। जिलाधिकारी को दिए आवेदन में उन्होंने कहा कि वह नाई जाति के हैं। हजामत के उद्योग के तहत सरकार की विश्वकर्मा योजना द्वारा उद्योग विभाग से मिलने वाले ऋण के लिए आवेदन दिया था। जिसका वेरीफिकेशन पंचायत के मुखिया द्वारा किया जाना था। इसके वेरीफिकेशन के लिए मुखिया द्वारा दस हजार की रिश्वत मांग की गई। गरीबी के कारण रिश्वत नहीं देने की स्थिति में मेरे आवेदन का वेरीफिकेशन नहीं होने से मैं इस लाभ से वंचित हो गया हूं। उन्होंने अपने स्तर से इसका वेरीफिकेशन कर सरकार की इस योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस संबंध में मुखिया दिलशाद अहमद का कहना है कि आवेदक का कहीं भी हजामत का दुकान नहीं है। आवेदक गलत तरीक़े से वेरिफिकेशन करवाना चाहता है। इस संबंध में जिला से भी फोन आया था। उन्हें भी पूरी जानकारी दे दी गई है।