बिरौल में अवैध रूप से संचालित आधार सेंटर पर प्रशासन का छापा, तीन सेंटर हुए सील, दो संचालक हुए फरार, लाभार्थी हो रहे थे आर्थिक शोषण का शिकार। एसडीएम ने की कार्रवाई।

बिरौल/दरभंगा

अनुमंडल मुख्यालय के विभिन्न जगहों पर अवैध रूप से संचालित हो रहे आधार कार्ड सेंटर पर प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से इस अवैध धंधा में संलिप्त लोगों में हरकंप मच गया है। कानो कान खबर मिलते ही अवैध आधार सेंटर के संचालक फरार हो गए। जिसकी तलाश पदाधिकारी कर रहे हैं।

एसडीएम उमेश कुमार भारती को गुप्त सूचना मिली कि प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाने का गोरख धंधा जारी है। कार्ड बनाने के नाम पर लाभार्थी आर्थिक शोषण के शिकार हो रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते एसडीएम के नेतृत्व में हाटीकोठी स्थित अवैध रुप से संचालित हो रहे जनता जनसेवा आधार, अमरजीत सीएससी सेंटर तथा जनसेवा केंद्र नाम के दुकानों पर छापामारी की गई। इस दौरान मो.फूल हसन नाम के एक दुकानदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।जबकि अमरजीत एवं एक अन्य संचालक प्रशासन को चकमा देकर फरार हो गया। इस दौरान एसडीएम के निर्देश पर सीओ आदित्य शंकर ने अवैध रूप से संचालित आधार सेंटर को सील कर दिया। एसडीएम उमेश कुमार भारती ने बताया कि अवैध रूप से संचालित हो रहे तीन आधार सेंटर को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य जिला व प्रखंड के आईडी को का उपयोग कर लाभार्थियों को आर्थिक शोषण का शिकार बनाया जा रहा है। जांच के क्रम में पाया गया है कि इस अवैध धंधा का मास्टर माइंड अमरजीत नाम के व्यक्ति है। जो पूर्व से ही ब्लाइक लिस्टेड है। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से संचालित हो रहे आधार सेंटर में उपयोग हो रहे एक मशीन प्रखंड कार्यालय बिरौल के नाम से तथा एक शिक्षा विभाग के नाम से आबंटित है। सीओ सह दंडाधिकारी आदित्य शंकर ने बताया कि हिरासत में लिये गये व्यक्ति को तत्काल पीआर बाउंड पर यह कह कर छोड़ा गया कि जब प्रशासन को जरूरत होगी उन्होंने थाना में उपस्थित होना पड़ेगा। खबर लिखे जाने तक एसडीएम एवं सीओ द्वारा जांच कार्य जारी था।