मुहर्रम के दौरान डीजे एवं हथियार पर लगाया गया प्रतिबंध। बगैर लाइसेंस के जुलूस निकालने एवं प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन करने पर उनके विरुद्ध की जाएगी कार्रवाई — काम्या मिश्रा।
मुहर्रम शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर एसपी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने क्षेत्र में निकाला फ्लैग मार्च।
बिरौल/दरभंगा
मुहर्रम भाईचारा एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को अनुमंडल मुख्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी थानाध्यक्ष, सीओ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थिति थे। बैठक में एसपी ग्रामीण काम्या मिश्रा ने कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे और हथियार पर बिल्कुल प्रतिबंध रहेगा। दो हॉर्न बजाने का इजाजत दी जायेगी। एसपी ने कहा कि बिना लाइसेंस के मुहर्रम का जुलूस निकालने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने शुक्रवार तक पुराने लाइसेंस के साथ आवेदन देंगे। जिसमें कमेटी के सदस्यों का नाम व मोबाईल फोन नम्बर होना जरूरी है।
इससे पूर्व एसडीएम उमेश कुमार भारती ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों को इस बार मुहर्रम मनाने के लिए सरकार द्वारा दिये गए गाईड लाइन से अबगत कराते हुए जुलूस के दौरान उपस्थित रहने को कहा। एसडीएम ने कहा कि थाना स्तर पर शांति समिति की जल्द बैठक की जायेगी।
एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने कहा कि प्रशासन के द्वारा दिये गए आदेश का अनुपालन करें। इसके बावजूद हथियार व डीजे का उपयोग करने पर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया जायेगा।
उन्होंने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों से जुलूस के दौरान हथियार का उपयोग नहीं हो इसके लिए मुहर्रम कमेटी को पहले से सूचित करने की जिम्मेवारी आप सभी को है। मौके पर उपस्थित नगर पंचायत के मुख्य पार्षद बिनोद सहनी ने पदाधिकारियों को विश्वास दिलाया कि जुलूस के प्रारंभ से लेकर समापन तक ये अपने सहयोगियों के साथ मौजूद रहेंगे। बैठक में मुखिया मो.कासीफ, पूर्व मुखिया अब्दुल हयात, उपमुख्य पार्षद,डॉ.इफ्तिखार, कमरे आलम,सुरेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि के अलावा सभी थानाध्यक्ष, अंचल पुलिस निरीक्षक मौजूद थे।
दुसरी ओर शांति समिति की बैठक के बाद एसपी काम्या मिश्रा ने एसडीपीओ कार्यालय में सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डालते हुए आवश्यक निर्देश दिये। बैठक संपन्न होने के बाद एसपी काम्या मिश्रा के नेतृत्व में क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया।

