बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड के झमटिया में कलश शोभा यात्रा के साथ श्री श्री 108 श्री विष्णु महायज्ञ का शंखनाद हो गया। रविवार से यहां भक्ति, संगीत और आध्यात्म की त्रिवेणी बहेगी। महायज्ञ को लेकर आज भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यज्ञ स्थल श्री राम जानकी ठाकुरबाड़ी से बैंड बाजे के साथ 1500 महिलाएं एवं लड़कियां कलश लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गंगा नदी के झमटिया घाट पहुंची। जहां की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल लिया गया। कलश शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
श्रीमद् भागवत कथा का भी आयोजन
यहां से चली शोभा यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हो गया। महंत सदानंद दास उर्फ भूत बाबा के नेतृत्व में हो रहे इस विष्णु महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह है। जिसका स्पष्ट नजारा आज के कलश शोभा यात्रा में दिख रहा था। इसमें सभी उम्र वर्ग संख्या में पुरुष और महिला जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। जिससे वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो गया है। कल सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ की शुरुआत होगी। सर्वदेव पूजन और आह्वान के बाद आहुतियां देने का सिलसिला शुरू होगा। इस अवसर शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का भी आयोजन किया गया है। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय कथावाचिका प्राची देवी 13 जुलाई तक कथा वाचन करेगी।
