ट्रक की ठोकर से बच्चे की मौत ,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।
ट्रक की ठोकर से बच्चे की मौत ,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम।
ट्रक की ठोकर से बच्चे की मौत ,आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दरभंगा /
मनीगाछी संवाददाता दरभंगा सकरी धरौड़ा पीडब्लू डी मुख्य सड़क के बीच राघोपुर गांव में सिमेंट लदे ट्रक की ठोकर से ढ़ाई वर्ष के बच्चे की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। ट्रक चालक दरभंगा स्थित बेला रैक प्वाइंट से सिंमेंट लेकर सकरी होते हुए बेनीपुर प्रखंड के नवादा गांव जा रहा था। बताया जाता है कि राघोपुर पेट्रोल पंप से महज तीस चालीस मीटर दक्षिण सड़क के पश्चिम किनारे वसे निवास मंडल का यह ढ़ाई वर्षीय अबोध बालक सूरज मंडल घर से निकलकर अचानक सड़क पर चला गया। सड़क किनारे खड़े लोग जबतक बच्चे को बचाते तबतक तेज गति से आ रहे बीआर21जी6362 नम्बर की ट्रक ने ठोकर मार दी। जिसके कारण उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। ठोकर मारने के बाद ट्रक चालक गाड़ी को तेज गति में लेकर भागने लगा। जिसे लोगों ने पीछा कर नेहरा हाट चौक के पास पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक चालक सुरज कुमार भागने में सफल रहा जबकि खलासी समस्तीपुर जिला के विद्यापतिधाम गाँव निवासी उपेन्द्र ठाकुर के पुत्र सन्नी ठाकुर आक्रोशित लोगों के हत्थे चढ़ गया और लोगों के कोपभाजन का शिकार बन गए। मौके पर पहुंची नेहरा थाना की पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर उसकी जान बचाई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने राघोपुर गांव में पेट्रोल पंप के निकट सड़क को जाम कर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। सड़क जाम साढ़े सात बजे से साढ़े नौ बजे तक रहा। घटना की जानकारी पाकर एस डी पी ओ बेनीपुर आशुतोष कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर बहेड़ा राज कुमार मंडल तथा मनीगाछी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार,बाजितपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार,नेहरा के प्रभारी थानाध्यक्ष शिव कुमार राम के साथ ही बहेड़ा थाना पुलिस एवं बी डी ओ अनुपम कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों से सार्थक बातचीत की। बी डी ओ के लिखित आश्वासन के बाद जाम को समाप्त कर आवागमन चालू करवाया जा सका। बातचीत के दौरान बी डी ओ अनुपम कुमार ने पीड़ित परिवार को 4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि,ट्रक मालिक से इंश्योरेंस राशि,पारिवारिक राशनकार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लिखित आश्वासन दिया। बी डी ओ के लिखित आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डी एम सी एच भेज दिया। इस संबंध में नेहरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष शिव कुमार राम ने बताया कि ट्रक एवं खलासी पुलिस अभिरक्षा में है और आगे की प्रक्रिया की जा रही है। अपने एक मात्र अबोध बेटे की मौत से जहां निवास मंडल का रो रो कर बुरा हाल हो गया है वहीं मृतक की मां रेणु देवी बेहोश बनी हुई है। रविवार की मनहूस सुबह ने परिवार के दीपक को बुझाकर परिवार में अंधेरा पसार दिया है। बताया जाता है कि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले निवास मंडल को एक पुत्री ऋतु कुमारी पांच वर्ष एवं एक ढ़ाई वर्ष का पुत्र सूरज मंडल था। पुत्र की मौत से निवास मंडल एवं उनकी पत्नी का बुरा हाल हैं।