पश्चिम बंगाल में एक बड़े ट्रेन हादसा हुआ है। यहां खड़ी एक्सप्रेस ट्रेन के पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मारी है। घटना के बाद ट्रेन की पीछे की तीन बोगियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में कुछ यात्रियों की मौत भी हुई है। कंचनजंगा एक्सप्रेस रंगापानी और निजबाड़ी के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुई है। यह सियालदाह जा रही थी। ट्रेन निजबाड़ी से पहले खड़ी थी, तभी पीछे से आ रही मालगाड़ी ने रफ्तार में ट्रेन को टक्कर मारी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस, रेलवे अफसर और प्रशासनिक अफसर पहुंचे हैं। राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। ट्रैक से बोगियों को हटाकर फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कंचनजंगा की तीन बोगियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। कई यात्री बुरी तरह से घायल हो गए हैं। राहत और बचाव का कार्य जारी है। हादसा रंगा पानी और निजबाड़ी स्टेशन के बीच हुआ है। ट्रेन न्यू जलपाई गुड़ी से निकली ही थी और किशनगंज होकर सियालदाह जा रही थी।
हादसा इतना भयंकर है कि बोगियों के ऊपर बोगियां चढ़ गईं। इतना ही नहीं ये बोगियों बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। गैस कटर से काटकर बोगियों को निकाला जा रहा है। अब तक पांच की मौत हो चुकी है। कई घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया कि वह ट्रेन के अंदर बैठे थे, तभी पीछे से जोर का झटका लगा। उन्हें कुछ समझ आता, यात्री यहां-वहां भागने लगे। तेज चीखें और शोर हर तरफ सुनाई दे रहा था। वह भी ट्रेन से उतरकर पीछे की ओर भागे।
