पटना: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार राज्य सरकार में तबादले के दौर शुरू हो गया. राज्य सरकार ने 10 वरीय आइएएस अधिकारियों का तबादला गुरुवार को किया है. इसमें आइएएस केके पाठक का अंतत: सरकार ने शिक्षा विभाग से तबादला कर दिया है. उन्हें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है.उनका बिपार्ड के डीजी का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह बना रहेगा.

केके पाठक शिक्षा विभाग में अपने फैसलों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं और चौतरफा विरोध भी झेलते रहे हैं. वहीं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. एस. सिद्धार्थ शिक्षा विभाग का काम देखते रहेंगे.उनके पास कैबिनेट विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह को तबादला करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी अब गृह विभाग के प्रधान सचिव होंगे. वित्त विभाग के सचिव (संसाधन) लोेकेश कुमार को अगले आदेश तक पूरे वित्त विभाग की जिम्मेवारी दी गयी है. ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल अब ग्रामीण विकास विभाग के सचिव होंगे.पाल बियाडा के एमडी के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे.