मानव तस्करी व देह व्यापार के मामले में भारत नेपाल सीमा पर गिरफ्तार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कसरोर बसौली पंचायत के कसरोर निवासी व पंचायत के मुखिया को बढ़ सकती है मुसीबत, बीपीआरओ ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को दी सूचना।

उत्तम सेनगुप्ता/दरभंगा

मानव तस्करी व देह व्यापार के मामले में भारत नेपाल सीमा पर गिरफ्तार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कसरोर बसौली पंचायत के कसरोर निवासी व पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार झा को आनेवाले समय में प्रशासनिक मुसीबत  बढ़ सकती है। इससे बचने के लिए मुखिया के हाथों में मात्र अब 29 दिन शेष रह गए हैं। पंचायत राज विभाग की ओर से दिये गए मार्ग दर्शन के अनुसार कोई मुखिया अस्वस्थता, निजी कारणों अथवा अन्य कारणों (जिसमें जेल में संसीमित रहना या फरार रहना सम्मिलित है)से 30 दिनों से अधिक अवधि के लिए कर्तव्य से अनुपस्थित रहता है तो संबंधित पंचायत सचिव कारण सहित मुखिया को अनुपस्थित की लिखित सूचना संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत समिति को सूचना देंगे।ससमय सूचना देने की पूर्ण जिम्मेदारी पंचायत सचिव को होगी। कामेश्वर नारायण बीपीआरओ गौड़ाबौराम ने बताया कि कसरोर बसौली पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार झा की एक मामले में गिरफ्तारी होने की सूचना मिली है। जिसकी सूचना उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को दे दिया है। बीपीआरओ ने बताया कि 30वें दिन की समाप्ति के पश्चात यानि 31 वें दिन से उप-मुखिया स्वतः मुखिया का प्रभार ग्रहण कर लेंगे और इसकी सूचना कार्यपालक पदाधिकारी, पंचायत समिति को देंगें। उन्होंने बताया कि मुखिया के रुप में कार्य करने हेतु उप-मुखिया को किसी स्तर से आदेश प्राप्त करने की आवश्यकता नहीं होगी।
मालूम हो कि जटही-पिपरौना नेपाल सीमा पर मानव तस्करी व देह व्यापार के लिए भारत से नेपाल भेजी जा रही दो नाबालिग लड़कियों के मामले में दो लोगों को एसएसबी ने पकड़ लिया। जिसे मधुबनी जिला के हरलाखी थाना को सौंप दिया। वहीं इस मामले में संलिप्त एक और व्यक्ति मौका पाते फरार हो गया। जबकि दो नाबालिग लड़कियों को तस्करों से मुक्त कराते हुए एसएसबी ने उसे चाईल्ड हेल्पलाइन को सुपुर्द कर दिया।
हरलाखी थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सहनी ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपितों को न्यायिक हिरासत में तथा बरामद नबालिग लड़कियों को रिमांड होम मधुबनी भेज दिया गया है। पुलिस पदाधिकारी के अनुसार इस मामले में दरभंगा जिला के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के उत्तरी कसरोर निवासी रंजीत कुमार झा, कूंज बिहारी झा को गिरफ्तार किया गया है जबकि मौका पाते ही भैरव कुमार झा फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है।नाबालिग लड़कियों को नेपाल भेजने के लिए एक महिला ने 15 हजार रुपए का सौदा किया था।