सहरसा में एक सिपाही की पत्नी (22 वर्षीय) की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। मौत की खबर सुनते ही इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन की बताई जा रही है। वहीं घटनास्थल पर एसडीपीओ, आलोक कुमार, डीएसपी धीरेंद्र पांडेय, सदर थाना अध्यक्ष श्री राम सिंह पहुंचकर तफ्तीश में जुट गए है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला का नाम वर्षा कुमारी है, जिसकी उम्र तकरीबन 22 वर्ष है। इसका मायका मुंगेर में है। महिला के पति का नाम मिलन कुमार है, जो नवगछिया का रहने वाला बताया जा रहा है। महिला का पति अभी चुनावी ड्यूटी में कैमूर गया हुआ है।
उसकी पत्नी सहरसा पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में अकेली थी। आज सुबह में जब पड़ोसी गए, तो अंदर से कमरा बंद था और आवाज देने पर भी रूम नहीं खोला गया।पड़ोसी को शक हुआ, तो पड़ोस में रहने वाले पुलिसकर्मी को सूचना दी गयी।
सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष श्री राम सिंह, एसडीपीओ आलोक कुमार ,डीएसपी धर्मेंद्र पांडेय दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर तफ्तीश में जुट गए। वहीं, इस घटना को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि सुबह में सूचना मिली कि सिपाही की पत्नी दरवाजा नहीं खोल रही है।
अगल-बगल के सिपाहियों ने देखा कि उसका शव पड़ा हुआ है। शव को अपने कब्जे में ले लिए हैं। डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। साथ ही साथ एफएसल टीम को बुलाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई हम लोग कर रहे हैं।
एसपी ने आगे कहा कि अभी हम लोग इसकी पुष्टि नहीं कर सकते है कि यह सुसाइड है या मर्डर है। हम लोग दोनों एंगल से जांच कर कर रहे हैं। जांच पूरी होगी, तो हम लोग ब्रीफ करेंगे।
