मनीगाछी। छिटपुट सामान्य घटनाओं को छोड़कर मनीगाछी प्रखंड में शांति पूर्वक मतदान संपन्न हो गया। दरभंगा ग्रामीण विधानसभा के मनीगाछी प्रखंड में मतदान प्रारंभ होने के वक्त राघोपुर उत्तरी पंचायत के बुथ नंबर-145 बलिया एवं राघोपुर पूर्वी पंचायत के 178 पर ईवीएम में आयी सामान्य गड़बड़ी के कारण मतदान कार्य निर्धारित समय से शुरू नहीं हो सका। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे बीडीओ अनुपम कुमार ने गड़बड़ी को दूर कर मतदान शुरू करवाया। ब्रह्मपुरा, भटपुरा पंचायत के बुथ नंबर 201 एवं 202 तथा कटमा पंचायत के फुलवन गांव स्थित बुथ संख्या 312 एवं 313 पर मतदान में बाधा पहुंचाने की जानकारी पाकर बुथ पर पहुंचे एसडीओ सदर विकास कुमार, बीडीओ अनुपम कुमार, मनीगाछी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इन मतदान केंद्रों पर शांति पूर्वक मतदान संपन्न हुआ। मतदान के दौरान आधे दर्जन से अधिक बुथों पर दिव्यांग मतदाता अपने ह्वील चेयर पर परिवार के सहयोगियों के साथ वोट देते देखे गए। बीडीओ अनुपम कुमार ने बताया कि कहीं भी किसी प्रकार की घटनाएं की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। केवल वोकस वोटिंग एवं मतदाता सूची से नाम विलोपित होने की सूचनाएं आती रही। सभी बुथों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। मतदान के दौरान आधे दर्जन से अधिक बुथों पर दिव्यांग मतदाता अपने ह्वील चेयर पर अपने परिवार के सहयोगियों के साथ वोट देने देखे गए। नेहरा गांव के बूथ नंबर 229 पर पहली बार वोटर बने मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। मतदान केंद्र पर पहली बार वोटर बनी पुनीता कुमारी, शालो कुमारी, ममता कुमारी एवं कविता कुमारी ने बताया कि पहली बार वोटर बनी हूं। अपने आपको बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मुझे वोट देने का मौका मिला। देश हित के लिए हमलोगों ने अपना मतदान किया।