दरभंगा। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने दरभंगा संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोनकी और घनश्यामपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए इंडिया गठबंधन के राजद प्रत्याशी ललित कुमार यादव को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने ललित कुमार यादव पर विश्वास जताते हुए राजद का उम्मीदवार बनाया है। ललित कुमार यादव लोकसभा में जीत कर जाऐंगे, तो दरभंगा का चहुंमुखी विकास कराएंगे। उन्होंने अपनी बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं अभी बहुत कष्ट में हूं। डाक्टर ने मुझे तीन सप्ताह तक बेड रेस्ट करने को कहा है, लेकिन मैं कमर में बेल्ट लगा कर एवं सुई लेकर आप से मिलने आया हूं। तेजस्वी ने कहा कि जबतक मोदी को सत्ता से हटाएंगे नहीं, तब तक बेड रेस्ट नहीं करेंगें। अभी संविधान पर खतरा उत्पन्न हो गया है। वे संविधान को बदलना चाहते हैं। आरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार को समाप्त करना चाह रहे हैं। मुझे अवसर मिला तो 17 महिने में 4 लाख नौजवानों को नौकरी दी। साथ ही 4 लाख टोला सेवक, तालिमी मरकज, जीविका दीदी, रसोइया आदि का मानदेय दुगुना करने का काम किया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो 15 अगस्त 2024 को एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। वहीं रसोई गैस सिलिंडर का दाम 1200 से घटाकर 500 किया जाएगा। अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा तथा पुरानी पेंशन योजना लागू कराए जाएंगे। देशभर में जाति जनगणना कराई जाएगी। वीआईपी पार्टी के मुकेश सहनी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो एससी-एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यकों को उनका वाजिब हक दिया जाएया। प्रत्याशी ललित कुमार यादव ने कहा कि दरभंगा का सांसद बनने के साथ ही दरभंगा एम्स का शिलान्यास, दरभंगा शहर को जाम से निजात, शहर में रेल ओवर ब्रिज का निर्माण एवं दरभंगा का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। सभा में मौजूद प्रमुख नेताओं में पूर्व विधायक भोला यादव, पूर्व सांसद डॉ. अनिल सहनी, माले विधायक दल के नेता महबूब आलम, राजद प्रदेश महासचिव उमेश राय, बदरे आलम बदर, सुनीति रंजन दास, राशिद जमाल, माले जिला सचिव वैद्यनाथ यादव, राजा पासवान, कुमार गौरव, गोपाल लाल देव, स्वाति देव आदि। सभा की अध्यक्षता देवेन्द्र प्रसाद यादव एवं मंच संचालन रामबाबू चौपाल ने किया। वहीं घनश्यामपुर प्रखंड के रण परती मैदान पाली में जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सभा को संबोधित करते हुए दरभंगा से ललित कुमार यादव को विजय बनाने की अपील की। सभा को राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने भी जन सभा को संबोधित किया।