नाव पर होकर सवार, जीविका दीदी करे पुकार
पहले मतदान, फिर करें जलपान
जाति पर न धर्म पर, बटन दबेगा कर्म पर
कुशेश्वरस्थान, दरभंगा।
जिले में शत प्रतिशत वोटिंग कराने के लिए जीविका दीदियों ने पूरी कमान थाम ली है।
जनसंवाद के सिलसिले में रोज नई नई कलात्मक समाजिक गतिविधियों के जरिये दीदियां यह संदेश देने में लगी हुई हैं कि मतदान के दिन यानी 13 मई को सभी के सभी वोटर अपने मताधिकार का निर्भीकता से प्रयोग करे।
इसी कड़ी में सभी बाधाओं को पार करते हुए शुक्रवार को जिला पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी श्री राजीव रोशन के निर्देशन में जीविका की जिला परियोजना प्रबन्धक डॉ ऋचा गार्गी के नेतृत्व में कुशेश्वरस्थान पूर्वी के सुदूर दुर्गम क्षेत्रों में नाव पर सवार होकर दीदियों ने एक एक वोट का महत्व बताया तथा सभी मतदाताओं से हरहाल में वोट डालने की अपील की।
बीपीएम अन्नू कुमारी की अगुआई में नाव पर सवार होकर सूर्योदय जीविका महिला संकुल संघ द्वारा श्रृष्टि, सुंदरम ,जागृति ,सुहाना तथा मदीना वीओ के दीदियों ने उजुआ पंचायत के कोला गांव से कोला टोका जाकर मतदाता जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया।
तारीफ यह कि गहरी नदी में चचरी वाली नाव पर सभी दीदी सवार थे। जुनून से भरी सभी दीदी के हाथों में बैनर पोस्टर था। वहीं, डीपीएम डॉ गार्गी ने कहा कि सभी वोटर बूथ तक पहुचे इसके लिए जीविका दीदी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। स्कूलों ,सामुदायिक भवनों समेत अन्य जगहों पर दीदियों द्वारा रोज जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। दुगम स्थल होने के कारण नाव का सहारा लेना पड़ा। वैसे भी नाव इस इलाके के लिए ज्यादा मुफीद है। आज का कार्यक्रम ” दरवाजा खटखटाओ, मतदाताओं को जगाओं ” अभियान का हिस्सा था।
जागरूकता के क्रम में नदी के दोनो ओर के उज्जुआ, कोला , छोटकी, कोनिया , कोनिया , अरराही ,उसरी समेत कई गांवों में सभाएं भी की गई और खुला सन्देश दिया गया कि आपका वोट देश का भविष्य तय करेगा। दीदियां जोर जोर से नारा लगा रही थी-
एक वोट देश के नाम ।
पहले मतदान, फिर होगा जलपान। यह संदेश भी था कि न जात पर , न धर्म पर, अबकी वोट होगा सिर्फ कर्म पर। इसी तरह आह्वान करती दीदियां कह रही थी- जीविका दीदी करे पुकार, वोट देना हमारा अधिकार। इसके अलावा वोटरों को प्रेरित करने के लिए और कई स्लोगन बोले जा रही थी।
आज के कार्यक्रम में जीविका दीदियों के साथ साथ प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई कुशेश्वर स्थान पूर्वी प्रखंड के सामुदायिक समन्वयक अमित कुमार, बबिता कुमारी, चंदन कुमार, नागेंद्र कुमार, अमित कुमार, चंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



