दरभंगा। लोकसभा आम चुनाव-2024 के अवसर पर जिला में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी राजीव रौशन ने बताया कि जीविका दीदी, आंगनवाड़ी कर्मी, स्थानीय चौकीदार, टोला सेवक, विकास मित्र, तालमी मरकज, किसान सलाहकार, आवास सहायक, आशा दीदी, बीएलओ एवं अन्य कर्मी दैनिक स्तर पर मतदाताओं से सम्पर्क करना एवं मतदान को लेकर उन्हें जागरूक करना सुनिश्चित करेंगे। इसको लेकर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत कम्युनिकेशन के आधार पर सम्पर्क किया जाय, खासकर वे मतदाता जिन्होंने 2019 में मतदान नहीं किया है। उन्होंने वोटर इन्फॉर्मेशन स्लिप के वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि वितरण में अनियमितता पाये जाने पर संबंधित बीएलओ के खिलाफ कारवाई करते हुए इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। श्री रौशन ने बताया कि वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप मतदान हेतु अनिवार्य दस्तावेज नहीें है। यह मतदाताओं की सुलभता हेतु मतदान केन्द्र की जानकारी, मतदान का समय व क्रमांक अन्य आवश्यक विवरण के साथ वोटर इनफॉर्मेशन स्लिप का वितरण मतदाताओं के मध्य किया जाता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के समय निर्वाचकों की व्यक्तिगत पहचान अनिवार्य है, जिसके लिए भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा निर्वाचकों को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र निर्गत किये गये है। निर्वाचक फोटो पहचान पत्र के आधार पर मतदान में भाग ले सकते है। इसके उपलब्ध नहीं होने पर आयोग द्वारा 12 वैकल्पिक फोटो दस्तावेजों की सूची जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिला के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों पर हीट वेव तथा मतदान के दिन हीट वेव से बचाने वाली व्यवस्थाओं, न्यूनतम सुविधाओं, मतदाता हेल्प लाईन 1950 की जानकारी और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी विभिन्न इलेट्रॉनिक व प्रिंट माध्यमों से मतदाताओं को दी जा रही है। इसके अलावा किसी भी तरह की समस्या आने पर मतदाताओं द्वारा जिला नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारी को प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिया गया है कि मतदान अवधि की समाप्ति के पहले पंक्ति में लगे हुए सभी मतदाताओं को क्रमांक पर्ची देकर उनका मतदान सुनिश्चित करेंगे।
