दरभंगा। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि संविधान बचाने के लिए, लोकतंत्र बचाने के लिए और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को देश से भागना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी महागठबंधन की सरकार बनी, तो 500 रूपये में गैस और एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे। श्री यादव दरभंगा डीएमसीएच मैदान में गठबंधन के राजद प्रत्याशी ललित कुमार यादव के नामांकन के पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने जो विधानसभा के चुनाव में वादा किया था वह वादा जनता के बीच पूरा किया हूं और 17 महीना में जो हमने काम किए हैं वह एनडीए के द्वारा 17 साल में भी काम नहीं हुआ। अगर इस बार मेरी सरकार आती है, तो प्रतिवर्ष करोड़ नौजवान को रोजगार देने का काम करेंगे। श्री यादव ने कहा कि आज तो नामांकन था, दरभंगा प्रचार में आएंगे और जनता के साथ विशेष बात करेंगे। अभी समय के अभाव के कारण समय नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने दरभंगा लोकसभा प्रत्याशी ललित कुमार यादव, मधुबनी प्रत्याशी मोहम्मद अली अशरफ फातमी एवं वीआईपी पार्टी से झंझारपुर लोकसभा प्रत्याशी सुमन महासेठ के पक्ष में वोट देने के लिए जनता से अपील की। श्री यादव ने कहा कि दरभंगा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार दरभंगा के प्रत्याशी ललित कुमार यादव को राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने विश्वास कर प्रत्याशी बनाया है और इस बार इनको भारी मतों से विजय बनाना है। वहीं वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी ने भी सभा को संबोधित किया और बताया कि इस बार महागठबंधन के प्रत्याशी ललित कुमार यादव को भारी मतों से विजय बनाएंगे इसके लिए संकल्प कर लिया हूं। इस मौके पर राजद प्रत्याशी ललित कुमार यादव ने कहा कि एनडीए के निवर्तमान सांसद जो काम को जो अधूरा छोड़ दिए हैं, वह काम मैं पूरा करूंगा। जैसे रेल ओवर ब्रिज, दरभंगा एम्स और विकास के अन्य काम पूरा करने का काम करूंगा। सड़क से सदन तक विकास का काम करूंगा, इसके लिए दरभंगा लोकसभा के मतदाताओं को विश्वास दिलाता हूं। सभा की अध्यक्षता राजद के जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव एवं मंच संचालन अनिल झा ने किया। सभा को राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व मंत्री समीर महासेठ, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद, सीपीएम के राज्य सचिव ललन चौधरी, युवा प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव, विधायक रामवृक्ष सदाय, एमएलसी शशि यादव, उर्मिला ठाकुर, पूर्व विधायक अनिल सहनी, पूर्व अध्यक्ष बिहार विधानसभा उदय नारायण चौधरी, पूर्व डीजीपी अशोक कुमार गुप्ता, पूर्व विधायक भोला यादव, माले नेता धीरेंद्र झा, राजद नेता राम विनोद झा उर्फ कमल सेठ, लक्ष्मण पासवान, दरभंगा उपमेयर नाजिया हसन, भोला सहनी, वीआईपी के जिला अध्यक्ष विनोद बंपर, सुनीति रंजन दास, माले जिला सचिव वैद्यनाथ यादव, सीपीएम जिला सचिव अविनाश कुमार ठाकुर उर्फ मंटू ठाकुर, सीपीआई जिला सचिव नारायणजी झा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, मिथिलेश कुमार झा कांग्रेस नेता, मो. अरमान, कफील अहमद आदि ने विचार रखे।