दरभंगा: पुलिस निरीक्षक सह कमतौल थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बुधवार की रात गुप्त सूचना पर थाने के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्रत्त् बल के साथ रतनपुर निवासी मनीष कुमार के घर पर छापेमारी की। वहां घर के अंदर एक कमरे से गृहस्वामी मनीष सहित तीन युवकों को एक दोनाली बंदूक के साथ दबोच लिया।
इनकी पहचान रतनपुर निवासी गृहस्वामी मनीष सहित इसी गांव के निवासी बाल कृष्ण भारद्वाज उर्फ बाला जी ठाकुर व सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरवाड़ा निवासी विवेक कुमार सिंह के रूप में हुई। कमतौल थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए थे, जो कमतौल पुलिस के हत्थे चढ़ गये। तीनों बदमाशों में दो का लंबा आपराधिक इतिहास है। बाला जी ठाकुर के विरुद्ध 12 मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ कमतौल थाने में पांच मामले, सिमरी थाने में दो मामले, सिंहवाड़ा थाने में हत्या व आर्म्स एक्ट के तीन मामले, जाले थाने में एक व विश्वविद्यालय थाना, दरभंगा में एक सहित कुल 12 मामले दर्ज हैं। इन सबों के विरुद्ध आरोप पत्र निर्गत है। वहीं, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भड़वाड़ा निवासी विवेक कुमार सिंह के विरुद्ध सिंहवाड़ा थाने में चार व कमतौल थाने में एक सहित कुल पांच मामले दर्ज हैं। इन सबों के विरुद्ध भी आरोप पत्र निर्गत है।
