दरभंगा: मंगलवार की दोपहर जिले के डीआईजी कार्यालय में उस समय अफ़रातफ़री का माहौल हो गया जब ससुराल में संदेहास्पद स्थिति में एक युवक की मौत के बाद परिजन वाहन सहित शव को लेकर मिथिला क्षेत्र के डीआईजी के कार्यालय पहुंच गए। परिजनों ने घटना की जानकारी डीआईजी कार्यालय के कर्मियों को दी। शव कार्यालय पहुंचते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष को सूचना दी गई। पुलिस बल के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।

बताया जाता है कि कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बरना गांव के रहने वाले विपिन राय का 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार रविवार को पत्नी के साथ जाले थाना क्षेत्र के रेवढ़ा गांव ससुराल गए था। सोमवार की सुबह अचानक तबियत बिगड़ने के बाद पत्नी सहित एक-दो महिलाएं उसे साथ लेकर ईलाज के लिए डीएमसीएच पहुंची थीं, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने अपने घर वाले सहित पति के घर वालों को सूचना दी। सूचना पाकर विपिन राय अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ डीएमसीएच पहुंचे। घटना की जानकारी बेंता थाना को दी गई। बेंता थाना पोस्टमार्टम नहीं करवा कर अपना पल्ला झाड़ लिए। सोमवार की शाम परिजन शव को लेकर कुशेश्वरस्थान स्थित अपने गांव चले गए, जिसकी सूचना कुशेश्वरस्थान थाना को भी दी गई। तीन तीन थाना को सूचना मिलने के बावजूद मृतक के बारे में जानकारी इकट्ठा नहीं किया गया कि विकास राय की मौत कैसे हुई? मंगलवार को परिजनों ने न्याय की उम्मीद से शव को डीआईजी कार्यालय लेकर पहुंच गए, जहां घटना की सारी जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया। वहीं जाले थाना को मामले की जांच कर कारवाई का निर्देश दिया गया है

बताया जाता है कि विकास कुमार राय की शादी 2023 में जाले थाना क्षेत्र के रेवढ़ा गांव के रहने वाले अशोक राय की पुत्री मनीषा देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद एक बच्चे को मनीषा देवी ने जन्म दिया था, जिसकी मौत हो गई। विकास राय हरियाणा राज्य में रहकर मजदूरी करता था, होली पर्व के अवसर पर घर आया था। रविवार को ससुराल के लोगों से मिलने के लिए पत्नी को लेकर ससुराल गया था। विकास के पिता विपिन राय को शक है कि उनके पुत्र को चाय में जहर देकर हत्या कर दी गई है। वहीं शरीर में कई जगहों पर जख्म के निशान होने की बात कही जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि हत्या है या तबीयत खराब होने से मौत हुई है।