हाईवे पर शुक्रवार की देर शाम सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर मोड़ के पास तीन अपराधियों ने मिलकर पिस्टल के बल पर एक युवक की बाइक छीन ली। पीड़ित युवक की पहचान बासुदेवपुर गांव निवासी शिव शंकर यादव के रूप में हुई है।
शिव शंकर की दिलेरी से उसका बैग लुटने से बच गया। बताया जाता है कि तीन अपराधियों ने पहले शिव शंकर की बाइक को ठोकर मारकर गिरा दिया। एक अपराधी ने पिस्टल के बल पर उससे बैग छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान हाइवे पर कुछ गाड़ियां आने लगी। इसका फायदा उठाकर शिव शंकर तेजी से हाईवे की दूसरी ओर एक पेट्रोल पंप पर दौड़कर भाग गया। तब अपराधी शिव शंकर की बाइक लेकर दिल्ली मोड़ की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। अपराधियों का पीछा किया गया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। पुलिस घटना की प्राथमिक दर्ज कर अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
