आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला,लोगों ने आरोपी को पुलिस से छुड़ाया तीन पीएसआई हुए चोटिल। तीन भेजे गए जेल।

बिरौल/दरभंगा

थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पूर्वी टोला में सोमवार की देर रात पूर्व के शराब मामले में फरार चल रहे अभियुक्त के घर छापेमारी करने गई पुलिस के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।इस क्रम में तीन पीएसआई चोटिल हो गए। घटना को लेकर चोटिल पीएसआई अखिलेश कुमार के आवेदन पर पुलिस के साथ मारपीट करने वाले लोगों में सात नामजद व आधा दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुए एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चोटिल हुए पीएसआई में अंकित कुमार चौधरी,पूजा कुमारी एवं पीएसआई अखिलेश कुमार शामिल हैं। चोटिल पुलिस पदाधिकारियों का इलाज बिरौल सीएचसी में किया गया। वहीं जेल भेजे गए लोगों में रामचन्द्र साहु,उनकी पत्नी पूनम देवी एवं भतीजा रामसेवक साहु है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहाड़ महमुदा पंचायत अंतर्गत भवानीपुर गांव के पूर्वी टोला में शराब मामले में फरार चल रहे नामजद अभियुक्त पप्पू मंडल के घर पर होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। उसके आधार पर गिरफ्तारी के लिए अभियुक्त के घर पर पुलिस देर रात पहुंची थी। उसके पड़ोसी के घर में छुपे रहने की आशंका पर पुलिस पूछताछ करने लगी। इसी दौरान पुलिस ने अभियुक्त पप्पू मंडल को गिरफ्तार कर थाना आने लगी कि परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर अभियुक्त पप्पू को छुड़ाने में सफल हो गया। इस दरम्यान पुलिस टीम में शामिल तीन पीएस आई चोटिल हो गए। इधर परिजनों का कहना है कि पुलिस आरोपी के घर नहीं जाकर पड़ोसी के घर में घुस कर गाली गलौज करने लगा।इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई होने लगा। परिजनों ने बताया कि इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल आकर एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर ले गई। पुनि सह थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने घटना की पुष्टि की है।