पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लड़की का अपहरण व दुष्कर्म मामले में बालक निरुद्ध, एक सहयोगी गिरफ्तार, मामला प्रेम प्रसंग का

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र में एक लड़की के अपहरण, दुष्कर्म और पीड़िता के परिजनों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया है तथा उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने शनिवार को बताया कि पीड़िता के परिजनों से प्राप्त आवेदन के आलोक में बिरौल थाना कांड संख्या–752/2026 (दिनांक 20.10.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 64 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि पीड़िता अपने परिजनों के साथ शिवनगर घाट मेला देखने आई थी। वहीं से आरोपी और उसका सहयोगी मोटरसाइकिल पर दिनांक 19.10.2026 की रात्रि उसे भगाकर ले गए और बिरौल थाना क्षेत्र के ग्राम नेउरी स्थित मुख्य आरोपी के घर में रात भर रखा। जाँच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि पीड़िता और आरोपी पिछले चार-पांच महीनों से दूरभाष (फोन) और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे और यह मामला प्रेम-प्रसंग से संबंधित है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद मुख्य आरोपी को 19.10.2026 को ही निरुद्ध कर लिया था।

चिकित्सीय जांच के उपरांत किशोर न्याय परिषद (JJB) के आदेशानुसार उसे पर्यवेक्षण गृह भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी और पीड़िता के सही उम्र की जांच पुलिस कर रही है। वहीं इस कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त चन्दन कुमार तांती (उम्र 19 वर्ष, पिता- लाल मोहर तांती, निवासी- ग्राम नेउरी, थाना बिरौल, जिला दरभंगा) को 24.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया गया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (BR07BQ6059) को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस घटना का उद्भेदन और कार्रवाई एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में किया गया। जिसमें पु.नि.सह थानाध्यक्ष चन्द्र मणि, अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि मुन्नी कुमारी सहित पुलिस बल शामिल थे।