बिरौल के अफजला गांव में निजी जमीन पर निर्माण कार्य के लिए पुलिस बल और दंडाधिकारी की मांग, गृह विभाग को दिया गया आवेदन

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के अफजला गांव में जमीन के दखल–कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर उपजे विवाद में नया मामला सामने आया है। आवेदक राजेश नायक ने बिहार सरकार के गृह विभाग को आवेदन देकर अपनी निजी जमीन पर शांतिपूर्ण निर्माण कार्य कराने के वास्ते दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है। आवेदक राजेश नायक (पिता- स्व० लक्ष्मी नायक) द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, मौजा अफजला (थाना बिरौल) के अंतर्गत खाता संख्या-1157, खेसरा संख्या-3838, रकवा 1 कट्ठा 15 धुर भूमि पर उनका वर्षों से शांतिपूर्ण एवं वैध दखल–कब्जा है। इस जमीन को लेकर उनका विवाद विपक्षी वासुदेव पंडित (पिता- बिख्रौ पंडित, साकिन- अफजला टोले खेवा, थाना- बिरौल) से चल रहा है।

दस्तावेजकेमुताबिक, उक्त भूमि को लेकर बिरौल के अंचल अधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण और जाँच की जा चुकी है। जाँच के उपरांत दखल–कब्जे से संबंधित रिपोर्ट अपर समाहर्त्ता के पास पत्रांक संख्या-2132 (दिनांक 30.06.2026) के तहत प्रार्थी (आवेदक) के पक्ष में दी जा चुकी है। भूमि विवाद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिनांक 02.07.2026 को बीएनएसएस (पुरानी धारा 144 सीआरपीसी) के तहत धारा 163 की कार्रवाई भी प्रार्थी के पक्ष में रही है। इसके बावजूद निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए आवेदक ने प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है, ताकि शांतिपूर्ण तरीके से निर्माण कार्य संपन्न कराया जा सके। भूस्वामी राजेश नायक का गंभीर आरोप है कि जब भी वे अपनी स्वामित्व वाली भूमि पर नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ करते हैं, तो विपक्षी जिनका उक्त संपत्ति से कोई वैधानिक सरोकार या अधिकार नहीं है, क्षेत्रीय बाहुबलियों और भू–माफियाओं के साथ सांठ–गांठ कर अवैध रूप से हस्तक्षेप करते हैं। विपक्षीगण निर्माण कार्य रुकवाने, जबरन दुकान खाली कराने का दबाव बनाने तथा प्रार्थी को जान से मारने की गंभीर धमकियाँ दे रहे हैं, जिससे प्रार्थी की जान–माल को गंभीर खतरा बना हुआ है।