विधान परिषद चुनाव की मतगणना को लेकर दरभंगा में बदलेगा ट्रैफिक रूट,

23 और 24 अक्टूबर को मतपेटियां स्ट्रांग रूम पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था, पोलो मैदान से होकर गुजरेंगे वाहन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए दरभंगा पुलिस ने 23 और 24 अक्टूबर को शहर में विशेष ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत चट्टी चौक, दरभंगा स्टेशन, एकमी चौक और पंडासराय की ओर से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।

दरभंगा पुलिस की ओर से 21 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मतगणना केंद्र से स्ट्रांग रूम तक मतपेटियों को सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से यातायात व्यवस्था में यह बदलाव किया गया है। मतपेटियों को खेल भवन स्थित स्ट्रांग रूम तक ले जाने के लिए पोलो मैदान के पश्चिमी मुख्य गेट से प्रवेश और पूर्वी गेट से निकास की व्यवस्था की गई है।

चार दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए तय हुआ रूट

1. चट्टी चौक की ओर से आने वाले वाहन: चट्टी चौक से लहेरियासराय टावर होते हुए हाजमा चौक पहुंचेंगे। यहां से पोलो मैदान के पश्चिमी मुख्य गेट से प्रवेश कर पूर्वी गेट से निकलेंगे। इसके बाद चिल्ड्रेन पार्क होते हुए खेल भवन स्थित स्ट्रांग रूम की ओर जाएंगे।

2. दरभंगा स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन: लहेरियासराय टावर से हाजमा चौक होते हुए पोलो मैदान के पश्चिमी मुख्य गेट से प्रवेश करेंगे। मैदान के पूर्वी गेट से निकलकर चिल्ड्रेन पार्क के रास्ते खेल भवन पहुंचेंगे।

3. एकमी चौक की ओर से आने वाले वाहन: हाजमा चौक से पोलो मैदान के पश्चिमी मुख्य गेट में प्रवेश करेंगे। पूर्वी गेट से निकलने के बाद चिल्ड्रेन पार्क होते हुए स्ट्रांग रूम की ओर जाएंगे।

4. पंडासराय की ओर से आने वाले वाहन: पोलो मैदान के पश्चिमी मुख्य गेट से प्रवेश कर पूर्वी गेट से बाहर निकलेंगे और चिल्ड्रेन पार्क होते हुए खेल भवन स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचेंगे।

वापसी के लिए दो वैकल्पिक मार्ग

पुलिस के अनुसार, मतपेटियां पहुंचाने के बाद लौटने वाले वाहन लहेरियासराय स्टेशन मोड़ से दाहिने मुड़कर मद्यनिषेध थाना मोड़ होते हुए दरबारी चौक की ओर जा सकेंगे। दूसरा विकल्प लहेरियासराय स्टेशन मोड़ से बाएं मुड़कर चट्टी दुर्गा मंदिर की ओर से निकलने का होगा। इसके बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।

पोलो मैदान में होगी वाहनों की पार्किंग

मतपेटियां लेकर आने वाले सभी वाहनों की पार्किंग पोलो मैदान परिसर में निर्धारित की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चालक विकास भवन के पास लगाए गए बैरियर के समीप वाहन को कतार में लगाएंगे। इसके बाद कर्मचारी वाहन से मतपेटियां उतारकर स्ट्रांग रूम तक ले जाएंगे।

वाहनों को स्ट्रांग रूम की ओर ले जाने पर रोक रहेगी। किसी भी परिस्थिति में मतपेटियां लेकर आने वाले वाहनों को स्ट्रांग रूम तक नहीं ले जाना है।

अन्य मार्गों पर परिचालन सामान्य

दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित रूटों के अलावा शहर के शेष मार्गों पर वाहनों का परिचालन पहले की तरह जारी रहेगा। हालांकि, विशेष परिस्थिति उत्पन्न होने पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, बैरियर के पास यातायात कर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें और निर्वाचन कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग दें।