शिक्षकों को धमकाने का आरोप, मंत्री के खिलाफ चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
श्याम भारती बोले—‘लोकतंत्र की हत्या है शिक्षकों पर दबाव बनाना, भयमुक्त होकर करें मतदान’

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य एवं हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी श्याम भारती ने हायाघाट के विधायक सह बिहार सरकार के मंत्री रामचंद्र प्रसाद पर शिक्षकों को कथित रूप से धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताते हुए चुनाव आयोग से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
श्याम भारती ने आरोप लगाया कि मंत्री एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में जाकर शिक्षकों पर दबाव बना रहे हैं। उनके अनुसार, शिक्षकों से कथित तौर पर कहा जा रहा है कि एनडीए को वोट देना सरकारी आदेश है और इसका पालन नहीं करने वालों को परिणाम भुगतना पड़ेगा।
श्याम भारती ने कहा कि शिक्षक समाज का प्रबुद्ध वर्ग है और उसे किसी राजनीतिक दल के पक्ष में मतदान करने के लिए डराना या दबाव बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने इसे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और सत्ता के दुरुपयोग का मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के कथित दबाव या धमकी से भयभीत न हों। मतदान उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और उनका वोट गुप्त रहता है। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षक हितों के लिए संघर्ष करने वाले माने जाने वाले उम्मीदवार कॉमरेड रामदेव राय को प्रथम वरीयता का मत देकर विधान परिषद में भेजने की अपील की।
माकपा नेता ने कहा कि शिक्षक अपने विवेक के आधार पर मतदान करने के लिए स्वतंत्र हैं और चुनाव में किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।मंत्री ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हें।