जदयू प्रदेश महासचिव ललिता झा का ताबड़तोड़ दौरा,बिरौल प्रखंड में शिक्षकों से संपर्क, एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।


आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में जदयू की प्रदेश महासचिव ललिता झा ने दरभंगा जिला के बिरौल प्रखंड क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों का प्रत्यक्ष भ्रमण कर शिक्षकों से मुलाकात की और एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में भारी समर्थन व मतदान करने का पुरजोर आग्रह किया। अपने जनसंपर्क अभियान के तहत प्रदेश महासचिव श्रीमती झा ने बिरौल प्रखंड के विभिन्न उच्च और माध्यमिक विद्यालयों का दौरा किया। विद्यालय परिसर में पहुंचते ही उन्होंने वहां मौजूद शिक्षकों से आत्मीय भेंट की और चुनाव के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि एनडीए सरकार हमेशा से शिक्षकों और शिक्षित वर्ग के हितों के प्रति संवेदनशील रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और अपनी सशक्त आवाज बुलंद करने के लिए एनडीए समर्थित प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य वोट दें। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक जदयू नेत्री का स्वागत किया, लेकिन साथ ही अपनी लंबित समस्याओं और मांगों को भी पूरी मुखरता के साथ उनके समक्ष रखा। शिक्षकों ने अपनी विभिन्न विभागीय और सेवा-शर्त से जुड़ी अड़चनों को साझा किया। इस पर जदयू प्रदेश महासचिव ललिता झा ने शिक्षकों की सभी बातों को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी और सरकार के शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंचाएंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एनडीए सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।