पानी भरे खेत में औंधे मुंह मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

– रक्सी पुल के नीचे कमला नदी की धार के पास मिला शव, जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी बरामद

– तीन-चार दिन पुराना बताया जा रहा शव, पानी में भीगे मोबाइल के सिम से पहचान की कोशिश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

विशनपुर थाना क्षेत्र के रक्सी पुल के नीचे कमला नदी की धार के पास सोमवार सुबह पानी से भरे खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव औंधे मुंह पड़ा था। उसकी हालत देखकर स्थानीय लोगों ने अन्यत्र हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह खेत में शव दिखाई देने के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। खेत के किसान रामबाबू साह समेत अन्य लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विशनपुर थाना पुलिस ने शव को पानी भरे खेत से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। उसने नीले रंग की जींस पैंट और सफेद रंग की चेकदार शर्ट पहन रखी थी।

जेब से मोबाइल और बाइक की चाबी मिली

पुलिस की तलाशी के दौरान युवक की जेब से एक मोबाइल फोन और बाइक की चाबी बरामद हुई। शव की स्थिति के आधार पर उसके तीन-चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीण उसकी पहचान नहीं कर सके। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान सुनिश्चित करना और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाना है।

मोबाइल के सिम से पहचान की कोशिश

मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने पानी में भीगे मोबाइल फोन से सिम निकालकर उसकी जांच शुरू की है। इसके अलावा शव की तस्वीर आसपास के विभिन्न थानों को भेजी गई है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पहचान सुनिश्चित होने तक शव को 72 घंटे के लिए शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है।

फिलहाल युवक की मौत हत्या, दुर्घटना या किसी अन्य परिस्थिति में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन की जांच से मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।