उपकारा बेनीपुर में 12 बंदियों की मानसिक स्वास्थ्य जांच, काउंसलिंग के जरिए दिया गया परामर्श,

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विधिक जागरूकता सह स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित; निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए 14416 की दी गई जानकारी

दस्तक 7मीडिया /बेनीपुर

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर उपकारा बेनीपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विधिक जागरूकता सह स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य की जांच करने के साथ उन्हें कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे 12 बंदियों को काउंसलिंग के माध्यम से परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।

शिविर में मनोचिकित्सक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य की जांच की। उन्होंने बताया कि अनिद्रा, अनावश्यक थकान, शारीरिक दर्द और बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक क्रोधित होना मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के संकेत हो सकते हैं। मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या अपनाने, शारीरिक श्रम करने, खेलकूद और मनोरंजन में भाग लेने, योग करने तथा लोगों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने की सलाह दी गई।

मानसिक रोगियों के अधिकारों की दी जानकारी

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से उपस्थित पैनल अधिवक्ता मोहम्मद हैदर अली और अमोल कुमार झा ने नालसा की मानसिक बीमारी वाले व्यक्तियों और बौद्धिक विकलांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएं योजना, 2024 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य मानसिक बीमारी से प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता और परामर्श के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी भी दी।

शिविर में कारा उपाधीक्षक विनोद कुमार, उपकारा चिकित्सा प्रभारी डॉ. छोटू कुमार पासवान, डॉ. कुमार संदेश, प्राधिकार सहायक कुमार गौरव, पीएलवी नीतीश कुमार राम, परिधापक जितेंद्र शर्मा और ओटी असिस्टेंट सुमित कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।