स्नातक में 40, शिक्षक में 13 प्रत्याशियों के बीच होगा मुकाबला,

दरभंगा विधान परिषद चुनाव में नाम वापसी पूरी, चार जिलों के 1.35 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

बेनीपुर दरभंगा, विधि संवाददाता।

बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 40, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने यह जानकारी दी।

आयुक्त ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से कुल 40 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के बाद सभी 40 अभ्यर्थियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया था। इनमें 13 के नामांकन पत्र स्वीकृत हुए, जबकि मधुबनी जिले के एक अभ्यर्थी का नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्नातक में 40 और शिक्षक में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

स्नातक निर्वाचन में 1.26 लाख से अधिक मतदाता

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,26,951 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें मधुबनी जिले के 29,316, दरभंगा के 34,001, समस्तीपुर के 34,429 और बेगूसराय के 29,205 मतदाता शामिल हैं। जिलावार आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समस्तीपुर में सर्वाधिक मतदाता हैं, जबकि बेगूसराय में सबसे कम मतदाता हैं।

शिक्षक निर्वाचन में 9,026 मतदाता

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,026 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें मधुबनी के 1,829, दरभंगा के 2,800, समस्तीपुर के 2,350 और बेगूसराय के 2,047 मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में दरभंगा जिले में सर्वाधिक मतदाता हैं।

चार जिलों में 237 मतदान केंद्र

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए चार जिलों में कुल 237 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 138 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 99 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन के लिए मधुबनी में 32, दरभंगा में 43, समस्तीपुर में 34 और बेगूसराय में 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के लिए मधुबनी में 23, दरभंगा में 32, समस्तीपुर में 24 और बेगूसराय में 20 मतदान केंद्र निर्धारित हैं।

आयुक्त ने बताया कि चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा हो चुका है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र तथा प्रभारी उपनिदेशक जन-संपर्क आशीष अमन मौजूद थे।