पूजा करने आई नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप, फरार पंडित को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एसडीपीओ के खुद की कड़ी मेहनत और उनके नेतृत्व में की गई छापामारी काबिले तारीफ
दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा/बिरौल /कुशेश्वरस्थान
दरभंगा के एक पवित्र धार्मिक स्थल से आस्था को झकझोर देने वाली एक बेहद दुखद और गंभीर घटना सामने आई है। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने आई एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप पुजारी पर लगा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंडित को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को पीड़ित नाबालिग बच्ची अपने दोस्तों के साथ मंदिर में दर्शन और पूजा करने आई थी। इसी दौरान मंदिर में पंडित का कार्य करने वाले पंडित ने बच्ची को अपनी नीयत का शिकार बनाया। आरोप है कि वह बच्ची को मिठाई खिलाने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर मंदिर परिसर से बाहर ले गया। इसके बाद आरोपी उसे प्रखंड मुख्यालय स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप ले गया, जहां उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पंडित शिव कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई व सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। मंदिर जैसे पवित्र स्थल,जहां लोग अपनों की रक्षा और सुख-समृद्धि की कामना लेकर आते हैं, वहां ऐसी दरिंदगी की घटना से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। जनता ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की है।