राष्ट्रीय  फिल्म पुरस्कार से नवाजे गए संजय मिश्रा, मिथिला का बढ़ाया मान : संजय सरावगी,

फिल्म ‘भक्षक’ में शानदार अभिनय के लिए मिला सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान, मनीगाछी के नारायणपुर गांव से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर बनाई पहचान

दस्तक 7मीडिया ,पटना/दरभंगा 

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा जिले के मनीगाछी प्रखंड के नारायणपुर गांव निवासी सुप्रसिद्ध अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में शानदार अभिनय के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

संजय सरावगी ने कहा कि संजय मिश्रा को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाना बिहार, विशेषकर मिथिला और दरभंगा के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती ने कला, साहित्य, संस्कृति और विभिन्न क्षेत्रों में देश को कई प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं। संजय मिश्रा ने अपनी अदाकारी और प्रतिभा के दम पर इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि संजय मिश्रा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट अभिनय क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। फिल्म ‘भक्षक’ में उनके अभिनय को मिला यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ बिहार की प्रतिभा का भी सम्मान है। मनीगाछी जैसे क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संजय मिश्रा की उपलब्धि मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और यहां की प्रतिभाओं की क्षमता को देश के सामने प्रस्तुत करती है। इससे दरभंगा और बिहार के कलाकारों तथा युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि संजय मिश्रा की इस उपलब्धि से मिथिला और दरभंगा के लोगों का गौरव और बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी संजय मिश्रा अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से बिहार और मिथिला का नाम देश-विदेश में रोशन करते रहेंगे।

संजय सरावगी ने  संजय मिश्रा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करती रहेगी।