परिवहन विभाग में मोटरयान निरीक्षकों का बड़ा फेरबदल,

दरभंगा में तीन मोटरयान निरीक्षकों को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी, राज्यभर में 48 स्थानों पर पदस्थापना

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

बिहार परिवहन विभाग ने तकनीकी संवर्ग के मोटरयान निरीक्षकों का बड़े पैमाने पर तबादला करते हुए विभिन्न जिलों और चेक पोस्टों पर नई पदस्थापना की है। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

दरभंगा जिला परिवहन कार्यालय में तीन मोटरयान निरीक्षक पदस्थापित किए गए हैं। इनमें श्री राहुल कुमार को मोटरयान निरीक्षक-1 के रूप में टैक्सेशन, एपी, ट्रांसफर एवं रजिस्ट्रेशन का कार्य, श्री त्रिपुरारी कुमार को मोटरयान निरीक्षक-3 के रूप में एलएल एवं डीएल से संबंधित कार्य तथा श्री सुभम शर्मा को मोटरयान निरीक्षक-5 के रूप में सड़क सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है।

विभाग के आदेश में पटना, भागलपुर, गया, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूर्णिया, वैशाली, औरंगाबाद, भोजपुर समेत राज्य के विभिन्न जिला परिवहन कार्यालयों में मोटरयान निरीक्षकों को कार्य आवंटित किया गया है। इसके अलावा आरटीए कार्यालयों और पूर्णिया, गया, गोपालगंज, नवादा एवं कैमूर चेक पोस्टों पर भी पदस्थापन किया गया है।

आदेश के मुताबिक नवनियुक्त मोटरयान निरीक्षक प्रशिक्षण पूरा करने के बाद आवंटित कार्यों का निष्पादन करेंगे। वहीं, विभागीय अधिसूचना के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी का उच्चतर प्रभार प्राप्त कर चुके मोटरयान निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी संबंधित आदेश इस सीमा तक संशोधित माने जाएंगे। आदेश में सक्षम प्राधिकार का अनुमोदन प्राप्त होने की भी बात कही गई है।