बोलेरो कोसी बांध से नीचे पलटी, दो की मौत, तीन घायल।

प्रशांत कुमार, दस्तक 7 मीडिया, कुशेश्वरस्थान।

कुशेश्वरस्थान नदी थाना क्षेत्र के गोबराही गांव के पास मेला देखकर लौट रहे लोगों की बोलेरो अनियंत्रित होकर कोसी बांध से नीचे पलट गई। हादसे में बोलेरो पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र के घोघेपुर गांव निवासी मो. रजी के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद दिलदार तथा महफूज आलम के पुत्र मो. चांद के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल लोगों की पहचान मो. गुड्डू, मो. हशीब एवं मो. आसिफ के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो पर पांच लोग सवार होकर मेला देखने गए थे। मेला देखकर सभी लोग बोलेरो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोबराही गांव के समीप पहुंचते ही बोलेरो अनियंत्रित हो गई। तेज गति में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो सड़क किनारे स्थित कोसी बांध से नीचे पलट गई।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतक मोहम्मद दिलदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की। जबकि दूसरे मृतक मोहम्मद चांद के परिजन में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया । वहीं, घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है,
नदी थाना अध्यक्ष सुशील कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस घायलों से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को भी अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।