भू-अर्जन परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
भू-अर्जन परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
भू-अर्जन परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में भू-अर्जन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और कार्यान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में परियोजनावार भू-अर्जन की स्थिति, रैयतों को मुआवजा भुगतान और लंबित मामलों में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में विभिन्न अधियाची विभागों के प्रतिनिधियों के अलावा भवन निर्माण विभाग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता मौजूद थे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं में भू-अर्जन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि भू-अर्जन से जुड़े मामलों के निष्पादन में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने लंबित मामलों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिन रैयतों को मुआवजा दिया जाना है, उन्हें उपलब्ध राशि के आधार पर नियमानुसार जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी स्तर पर आने वाली समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश, सदर एवं बहादुरपुर के अंचलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अभियंता मौजूद थे।